सुपर स्पेशियलटी हाॅस्पिटल में मरीज देखने से इंकार करने पर केस दर्ज 

- उपभोक्ता सेवा में कमी रूकवाने के साथ 5 लाख मुआवजे के भुगतान का उपभोक्ता फोरम में दावा


काशीपुर।

सुपर स्पेशियलटी हाॅस्पिटल में उसके मालिक तथा चिकित्सक द्वारा मरीज को देखने से इंकार करने पर जिला उपभोक्ता फोरम उधमसिंह नगर में उपभोक्ता केस दर्ज किया गया है। फोरम ने अस्पताल व डाॅक्टर को नोटिस जारी करते हुये 30 जनवरी 2019 तक जवाब तलब किया है।

काशीपुर निवासी प्रमोद तोमर की ओर से जिला उपभोक्ता फोरम उधमसिंह नगर में परिवाद दायर करके कहा गया है कि काशीपुर स्थित श्री कृष्णा हाॅस्पिटल के प्रतिनिधियों तथा मालिक डा0 मयंक अग्रवाल द्वारा अस्पताल को सुविधा सम्पन्न, संबंधित नियम कानूनों का पालन करने वाला सुपर स्पेशियलटी हाॅस्पिटल प्रचारित किया जाता है और इसी आधार पर विभिन्न संस्थाओं से इनके मरीजों के लिये सम्बद्धता व मान्यता प्राप्त कर रखी है। शिकायतकर्ता प्रमोद तोमर को ब्लीडिंग की परेशानी होने पर गत मई में अस्पताल के ओ0पी0डी0 के समय अस्पताल में सलाह व इलाज हेतु रू. 200 का काउन्टर पर भुगतान करके अस्पताल के मालिक डा0 मयंक अग्रवाल का अपाइंटमेंट लिया। उसका नम्बर आने पर जब वह डा0 साहब के केबिन में गया तो वह उसे देखकर आग बगूला हो गये और सारे मेडिकल शिष्टाचार व नियमों को छोड़कर इलाज व सलाह देने से साफ इंकार कर दिया और कहा कि आपरेशन तो आप बाहर कराते हो रूपये 200 की ओ0पी0डी0 के लिये मेरे पास आये हो। मैं आपकी कोई मद्द नहीं कर सकता।

परिवादी को डा0 व अस्पताल द्वारा समय पर इलाज व सलाह न देने से परिवादी की लगभग 3 घंटे तक ब्लीडिंग होती रही तथा फिर दिल्ली के एसकार्ट अस्पताल के डाॅक्टरों से सम्पर्क करके उनके द्वारा दी गयी सलाह व बतायी गयी दवाई लेने से कुछ राहत हुई तथा इसके बाद उसे एस्कार्ट अस्पताल जाकर दो दिन भर्ती रहकर इलाज कराना पड़ा। परिवादी के अनुसार यदि डा0 व अस्पताल अपने विधिक व नैतिक कर्तव्यों का पालन करते हुये परिवादी को समय पर इलाज व सही सलाह दी जाती तो उसे एस्कार्ट अस्पताल दिल्ली में भर्ती न रहना पड़ता और उसकी हालत नहीं बिगड़ती। इससे होने वाले प्रत्येक नुकसान व मानसिक आघात के लिये विपक्षीगण जिम्मेदार है। नुकसान के मुआवजे का आंकलन 5 लाख रूपये है।

परिवाद में अस्पताल व डा0 द्वारा मेडिकल काउन्सिल के प्रोफेशनल कऊंट रेगुलेशन, अस्पताल द्वारा उ0प्र0 रेगुलेशन आॅफ बिल्डिंग एक्ट तथा क्लीनिक इस्टेबलिशमेन्ट एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन का भी कथन किया गया है। इसके अतिरिक्त मेडिकल कांउसिल के रेगुलेशन की क्लाॅज 1.5 के अन्तर्गत जैनरिक नामों से कैपिटल अक्षरों में दवाइयां मरीजों को न लिखने तथा अपने अस्पताल में स्थिित मेडिकल स्टोर में जैनरिक दवाओं के स्थान पर महंगी व कम स्तर की कंपनियों की दवाइयां बेचने का भी कथन किया है।

परिवादी के अधिवक्ता नदीम उद्दीन ने जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष आर0डी0 पालीवाल, सदस्या नरेश कुमारी छाबड़ा तथा सदस्य सबाहत हुसैन खान के समक्ष बहस करते हुये विपक्षी अस्पताल व डाॅक्टर के कार्यों को उपभोक्ता सेवा में कमी तथा अनुचित व्यापारिक व्यवहार मानते हुये इसे रोकने व व्यवस्था सुधारने के आदेश के साथ-साथ परिवादी के नुकसान का रू. पांच लाख के मुआवजे हेतु परिवाद स्वीकार करने कीे मांग की।
उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष व सदस्यों ने  नदीम के तर्कों से सहमत होते हुये केस को सुनवाई योग्य मानते हुये अस्पताल तथा डाॅक्टर के विरूद्ध केस दर्ज करने तथा 30 जनवरी 2019 तक उन्हें लिखित उत्तर दाखिल करने को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। फोरम ने इसे केस सं0 124/2018 प्रदान किया हैं।